दिल्ली निजी स्कूलों में नर्सरी दाखिला प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही नया मोड़ आ गया है। शिक्षा निदेशालय ने अपने वकील के जरिये स्कूलों को एक पत्र भेजा है।
इसमें कहा गया है कि मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है, लिहाजा कुछ फैसला आने के बाद ही दाखिला खिड़की खोलें। हालांकि स्कूलों ने साफ किया है कि वह अपने तय शेड्यूल के मुताबिक शनिवार से फॉर्म देना शुरू कर रहे हैं।
इन स्कूलों में ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म मिलेंगे। इससे पहले शुक्रवार को निदेशालय ने वकील के माध्यम से स्कूलों को पत्र जारी किया। इसमें कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट में 5 जनवरी तक अवकाश हैं। लिहाजा तब तक स्कूल दाखिला प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ा सकते।
नेशनल प्रोग्रेसिव स्कूल कॉन्फ्रेंस की अध्यक्ष अमिता मूला ने पत्र के बारे में अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि कोर्ट से स्कूलों को गाइडलाइंस के लिए स्वायत्तता मिली है।