पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए गोपनीय सूचनाएं लीक करने के आरोप में गिरफ्तार देवेंद्र कुमार शर्मा मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस को कई दिन की जांच के बाद पता लगा है कि आरोपी की पत्नी अर्चना के बैंक खाते में पैसे ऑनलाइन सामान बेचकर भिजवाए गए थे।
भारत के लोगों से ही अर्चना के बैंक खाते में भिजवाए गए थे। हालांकि पैसे भेजने वालों को ये पता नहीं है कि वह किस के बैंक खाते में पैसे भेज रहे हैं। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने सार्जेंट देवेंद्र शर्मा की पत्नी से पूछताछ की है।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने भारतीय वायुसेना के सार्जेंट (हवलदार) देवेंद्र कुमार शर्मा को पाकिस्तान के लिए देश से जुड़ी गोपनीय व संवेदनशील सूचनाएं लीक करने के आरोप में छह मई को गिरफ्तार किया था। वह दिल्ली स्थित सुब्रतो पार्क में भारतीय वायुसेना के रिकॉर्ड कार्यालय में प्रशासनिक सहायक (जीडी) के पद पर कार्यरत था। वह आईएसआई की जासूस महिला के लिए सूचनाएं दे रहा था।
आरोपी जो सूचनाएं लीक करता था, उसके बदले मिलने वाली रकम उसकी पत्नी अर्चना के बैंक खाते में जाती थी। पुलिस को जांच में पता लगा है कि पत्नी बैंक खाते में पैसे यूपीआई के जरिए भेजे गए हैं। पुलिस को जांच में पता लगा है कि महिला जासूस ने खरीद-फरोख्त करने वाली अंतरराष्ट्रीय साइटों पर सामान डाला। जिन लोगों ने वह सामान खरीदा उसका पैसा महिला जासूस ने अर्चना के बैंक खाते में ट्रांफसर करवाया।