ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने सेक्टर-22ए में अपनी नई आवासीय स्कीम के साथ ऑनलाइन फॉर्म भरने और ऑनलाइन भुगतान करने की सुविधा सोमवार को शुरू कर दी।
अभी जीबी नगर या कुछ चुनिंदा शहरों के बैंकों से फॉर्म खरीद कर आवेदन करना पड़ता था। अब घर बैठे आवेदन किया जा सकेगा। गौतमबुद्ध नगर के तीनों प्राधिकरण में यह सुविधा पहली बार शुरू हुई है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ पीसी गुप्ता ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रें स में नई वेबसाइट yamunaexpresswayauthority.com का डेमो पेश करते हुए नई सुविधाओं की जानकारी दी।
इसके तहत आवेदक सीधे ऑनलाइन फॉर्म भरकर नेट बैंकिंग, डेबिट या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकता है। जो ऑनलाइन भुगतान नहीं करना चाहते वे ऑनलाइन फॉर्म भरकर बैंक चालान से भुगतान कर सकते हैं।
प्राधिकरण की सेक्टर-22ए में वन-बीएचके और 2-बीएचके बहुमंजिला फ्लैटों की यमुनोत्री हाउसिंग स्कीम (बीएचएस-04/2014) के फॉर्म सोमवार से जारी कर दिए गए हैं। अपने ईमेल के जरिये ऑनलाइन आवेदन करना होगा। नेट बैंकिंग से भुगतान करने वालों का फॉर्म नंबर सीधे जनरेट हो जाएगा जबकि बैंक चालान से आवेदन करने वालों का फॉर्म नंबर ईमेल के जरिये भेजा जाएगा। बैंकों में ऑफलाइन फॉर्म भी उपलब्ध हो गए हैं।
ये है स्कीम
स्कीम में 525 वर्ग फीट के 2070 फ्लैट हैं, जिनकी कीमत 15.49 लाख रुपये और रजिस्ट्रेशन फीस 1.50 लाख रुपये है। 880 वर्ग फीट के 792 फ्लैट हैं, जिनकी कीमत 27.96 लाख रुपये और रजिस्ट्रेशन फीस 2.80 लाख रुपये है। फॉर्म की कीमत 1100 रुपये है। स्कीम 2 दिसंबर तक चलेगी। ड्रॉ मार्च में होगा। ऑनलाइन भुगतान में सिर्फ 11 रुपये अतिरिक्त खर्च आएगा।
अन्य स्कीम का भुगतान भी ऑनलाइन
पूर्व में हुई यमुना प्राधिकरण की 21 हजार प्लाटों की स्कीम के आवंटियों को भी आगामी दिनों में ऑन लाइन भुगतान जमा कराने के लिए जल्द ही सुविधा दी जाएगी। इसके लिए कार्य चल रहा है।
पेमेंट वापसी की सुविधा
ऑनलाइन आवेदन के दौरान पेमेंट वापसी की भी सुविधा होगी। इसके लिए संबंधित बैंक का नाम और उसके आईएफएससी कोड की जानकारी देनी होगी। स्कीम के ड्रॉ के बाद असफल होने पर पैसा सीधे अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा।
फाइनेंस के लिए बैंक से करें संपर्क
ऑनलाइन सुविधा में फाइनेंस कराने के इच्छुक आवेदकों के लिए अभी कोई विकल्प नहीं दिया गया है। ऐसे आवेदकों को बैंक से संपर्क कर फॉर्म भरने की औपचारिकताएं पूरी करनी होगी।