आनंद विहार से हापुड़ के बीच रोजाना चलेंगी 12 बसें, 125 रुपये होगा किराया, प्रचार-प्रसार के अभाव में यात्रियों को नहीं मिली जानकारी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी पूर्वी दिल्ली।
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की ओर से आनंद विहार आईएसबीटी से हापुड़ के लिए शुरू की नई बस सेवा पहले दिन ही यात्रियों के अभाव में फीकी रही। शुक्रवार को सेवा शुरू होने के बावजूद यात्रियों तक इसकी जानकारी नहीं पहुंच सकी। इसके चलते हापुड़ के लिए चलाई गईं नई बसें पहले दिन खाली ही रवाना हुईं। डीटीसी के सूचना केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, आनंद विहार से हापुड़ के बीच प्रतिदिन 12 बसें संचालित की जाएंगी। इनमें छह बसें सुबह और छह बसें शाम के समय चलेंगी। यात्रियों को आनंद विहार से हापुड़ तक के सफर के लिए 125 रुपये किराया देना होगा। हापुड़ जाने वाले यात्रियों को बस पकड़ने के लिए आनंद विहार बस अड्डे के अंदर लोकल बसों के निर्धारित हिस्से में पहुंचना होगा। यहीं से हापुड़ के लिए डीटीसी की बसें उपलब्ध होंगी।
इन प्रमुख स्थानों से होकर पहुंचेगी बस डीटीसी की बस आनंद विहार आईएसबीटी से चलकर घरौली-यूपी बॉर्डर, डाबर, मोहन नगर, नया बस अड्डा गाजियाबाद, पुराना बस अड्डा और हापुड़ चुंगी होते हुए आईएमएस कॉलेज (डासना), मसूरी, छिजारसी-कुलेचनगर, पिलखुवा और निजामपुर से होकर हापुड़ बस स्टेशन पहुंचेगी। नई सेवा से हापुड़ जाने वाले यात्रियों को सीधी बस का विकल्प मिलेगा।