नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने रेव पार्टिज में इस्तेमाल की जाने वाली 10 करोड़ की ड्रग्स के साथ एक विदेशी व महिला को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नाइजीरिया निवासी चीमा विटालिस (40) और तमिलनाडु निवासी महिला श्रीमथाई (25) के रूप में हुई है। '
दोनों राजधानी एक्सप्रेस से 10.5 किलोग्राम आइस व स्पीड वैगिंग ड्रग्स लेकर बेंगलूरू जा रहे थे। ड्रग्स की बेंगलूरू और दूसरे राज्यों में खूब डिमांड है। नए साल की पार्टी पर होने वाले जश्न मे इसका इस्तेमाल किया जाना था। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना पुलिस पकड़े दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
रेलवे पुलिस उपायुक्त हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार रात को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने की टीम प्लेट फॉर्म नंबर-4/5 पर पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान दोनों ने देखा कि एक विदेशी नागरिक व महिला सामान लेकर बेंगलूरू राजधानी एक्सप्रेस में चढ़ रहे हैं।
दोनों की गतिविधि संदिग्ध लगने पर उनके पास मौजूद सामान की तलाशी ली गई तो उनके बैगों से क्रिस्टल की तरह दिखने वाला कुछ पदार्थ बरामद हुआ। पदार्थ की जांच हुई तो उसके ड्रग्स होने का पता चला। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि ड्रग्स को आइस या स्पीड के नाम से जाना जाता है। रेव पार्टी में इन ड्रग्स की बहुत डिमांड है। दोनों ड्रग्स दिल्ली से लेकर बेंगलूरू और कर्नाटक जा रहे थे।
पूछताछ के दौरान नाइजीरियन नागरिक चीमा ने बताया कि वह आठ साल पूर्व भारत में कपड़ों के कारोबार के लिए आया था। करीब चार साल पहले इसकी मुलाकात श्रीमथाई से हुई। श्रीमथाई का पति विदेश में नौकरी करता है। दोनों ने मिलकर यहां नशे का धंधा शुरू कर दिया। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती भी हो गई। पुलिस दोनों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों ने ड्रग्स कहां से लाए।