दिल्ली हाईकोर्ट ने नेट फ्लिक्स की इंटरनेट सीरीज सेक्रेड गेम्स के अभिनेताओं सैफ अली खान व नवाजुद्दीन सिद्दीकी पर दंडात्मक कार्रवाई की मांग को खारिज कर दिया।
हाईकोर्ट ने कहा कि अभिनेताओं को उनके संवादों के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता, क्योंकि वह केवल अभिनय कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी पर कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में नेट फ्लिक्स सीरीज सेक्रेड गेम्स के खिलाफ याचिका दायर कर विवादास्पद हिस्सों को हटाने व दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
जस्टिस संजीव खन्ना व जस्टिस चंद्रशेखर की खंडपीठ ने याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि क्या मानहानि के लिए जनहित याचिका दायर की जा सकती है। याचिकाकर्ता इस पर अपना पक्ष रखे।
हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि इस सीरीज के सभी आठ एपिसोड का प्रसारण हो चुका है। अब याचिकाकर्ता इस मामले में क्या कहना चाहता है। याचिका पर 19 जुलाई को सुनवाई होगी।