नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (डूटा) चुनाव को लेकर शिक्षक संगठन तैयारियों में जुट गए हैं। वर्ष 2025-27 के लिए चार सितंबर को चुनाव होने है। चुनाव के संबंध में नेशनल डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (एनडीटीएफ) ने 22 जुलाई को किरोड़ीमल कॉलेज में बैठक बुलाई है। एनडीटीएफ के मीडिया संयोजक डॉ. हंसराज सुमन ने बताया कि इस बैठक में डूटा चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के साथ-साथ डूटा कार्यकारिणी के सदस्यों की भी घोषणा की जाएगी। डूटा के चुनाव हर दो साल में होते हैं। डूटा का कार्यकाल अगस्त महीने में समाप्त हो रहा है।
एनडीटीएफ के अध्यक्ष प्रोफेसर अजय कुमार भागी के अनुसार शिक्षक संघ चुनाव में एनडीटीएफ चार साल की उपलब्धियों को शिक्षकों के बीच लेकर जाएगा। अपने कार्यकाल में पांच हजार स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति, सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर व प्रोफेसर की 22000 यूनिट प्रमोशन कराई। सभी शिक्षकों का बकाया एरियर दिलाना, एक दर्जन से अधिक प्रिंसिपल पदों पर स्थायी नियुक्ति, कोविड के समय शिक्षकों को 36 अर्जित अवकाश दिलाना, दिल्ली सरकार के वित्त पोषित कॉलेजों की समय पर वेतन दिलाना आदि मुख्य कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक से एनडीटीएफ शिक्षक संगठन शिक्षकों के बीच रहकर उनकी सभी समस्याओं का समाधान कर रहा है। जब से वह डूटा अध्यक्ष बने तभी से एक दशक से रुकी हुई शिक्षकों की नियुक्ति व पदोन्नति को शुरू कराने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है जो कार्य बच गए हैं उन्हें इस बार पूरा कराने का हर संभव प्रयास होगा। ब्यूरो