छह महीने बाद कृष्णा नगर स्थित दिल्ली नगर निगम की बहुमंजिला पार्किंग फिर से शुरू हो गई है। दमकल विभाग से अग्निशमन अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिलने के बाद इस पार्किंग को खोला गया है। इससे स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को लाभ होगा। यह पार्किंग यमुनापार क्षेत्र में निगम की एकमात्र बहुमंजिला पार्किंग है, जिसमें 250 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है।
इस बहुमंजिला पार्किंग को बनाने का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती वाहन पार्किंग की समस्या को हल करना और यातायात जाम को कम करना था। यह पार्किंग बाजार में खरीदारी करने वालों और आसपास के निवासियों के लिए महत्वपूर्ण है। पार्किंग को पिछले साल 31 अक्तूबर को बंद करना पड़ा था, क्योंकि पार्किंग संचालक की ठेका अवधि समाप्त हो गई थी। इसके अलावा निगम ने समय पर फायर एनओसी के नवीनीकरण के लिए आवेदन नहीं किया था।
पार्किंग में अग्निशमन उपकरणों जैसे फायर अलार्म, ऑटोमेटिक स्प्रिंकलर सिस्टम, इंटरनल हाइड्रेंट और यार्ड हाइड्रेंट में कुछ कमियां थीं। इस कारण एनओसी मिलने में देरी हुई। इन कमियों को अब दूर कर लिया गया है। पार्किंग के शुरू होने से कृष्णा नगर में यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी। पहले पार्किंग बंद होने के कारण लोग सड़कों पर वाहन खड़ा कर रहे थे, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती थी।