रिकॉर्ड बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी साफ रही। दिल्ली समेत एनसीआर के सभी शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 100 के पैमाने के नीचे रहा। इस रीजन में सबसे बेहतर हवा दिल्ली की थी और सबसे निचले पायदान पर फरीदाबाद। हालांकि, दोनों शहरों की बीच के वायु गुणवत्ता सूचकांक में सिर्फ 23 अंकों का फर्क रहा। सफर का पूर्वानुमान है कि शुष्क मौसम आने से अगले 72 घंटों में दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण बढ़ सकता है।
दिल्ली की हवा सबसे साफ और फरीदाबाद की सबसे प्रदूषित
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, गुणवत्ता में मामूली गिरावट के साथ लगातार दूसरे दिन मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर की हवा साफ रही। दिल्ली समेत एनसीआर के सभी शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक दो अंकों के भीतर ही था। 24 घंटे में अच्छे स्तर से गिरकर हवा की गुणवत्ता संतोषजनक स्तर में पहुंच गई है। इस क्षेत्र में दिल्ली की हवा सबसे साफ और फरीदाबाद की सबसे प्रदूषित रही। हालांकि, दोनों शहरों के सूचकांक में सिर्फ 23 अंकों का फर्क रहा। दिल्ली का सूचकांक 69 और फरीदाबाद को 92 रिकार्ड किया गया।
बारिश की वजह से अभी भी हवा में नमी बनी हुई
सफर का आकलन है कि बारिश की वजह से अभी भी हवा में नमी बनी हुई है। वहीं, धरती की सतह भी भीगी हुई है। नतीजन धूल के महीन कण पीएम10 हवा में नहीं घुल पा रहे हैं। वहीं, बारिश की वजह से पराली जलाने के मामले भी कम हैं। इससे प्रदूषकों में पीएम2.5 का हिस्सा पांच फीसदी से कम रहा। सफर का पूर्वानुमान है कि बारिश थमने और हवा की दिशा उत्तर पश्चिमी होने के बाद हवा की गुणवत्ता खराब होगी। अगले 72 घंटे में संतोषजनक स्तर से औसत स्तर पर पहुंच जाएगी।
दिल्ली-एनसीआर के शहरों की हवा की गुणवत्ता
दिल्ली- 69
गाजियाबाद-77
ग्रेटर नोएडा-78
नोएडा-79
गुरूग्राम-81
फरीदाबाद-92