दिल्ली के हौजखास में सोमवार दोपहर महिला कार चालक ने राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी दीप्ति यस्क (20) को टक्कर मार दी। घायल दीप्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद जंगपुरा निवासी आरोपी नीलिमा ने हौजखास थाने में समर्पण कर दिया। पुलिस ने लापरवाही से हुई सड़क दुर्घटना का मामला दर्जकर नीलिमा को गिरफ्तार कर लिया है।
दीप्ति कमला नेहरू कॉलेज की बीए (भूगोल ऑनर्स) प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसने 12वीं में भूगोल में ऑल इंडिया स्तर पर सबसे ज्यादा अंक प्राप्त किए थे। मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने दो जून को छात्रा को प्रशंसा पत्र भेजा था।
पुलिस के अनुसार, हादसे की जानकारी वहां से गुजर रहे कंप्यूटर इंजीनियर पंकज धीर ने दी थी। कालकाजी निवासी पंकज ने बताया था कि सोमवार दोपहर करीब 1:45 वह कमला नेहरू कॉलेज स्थित सीरी फोर्ट से अगस्त क्रांति मार्ग से गुड़गांव जाने के लिए मुड़ा तभी सिल्वर रंग की पोलो कार ने सड़क पार कर रही छात्रा को टक्कर मार दी। महिला बहुत तेजी से कार चला रही थी।