साइबर सिटी में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें राष्ट्रीय लोक अदालत व न्यायालयों में लंबित मामलों सहित कुल 72 हजार 614 मामलों का निपटारा किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायाधीश हरनाम सिंह ठाकुर ने गुरुग्राम न्यायिक परिसर के विभिन्न न्यायालयों में स्वयं जाकर लोक अदालत का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम में इस वर्ष 10 अक्तूबर से लेकर 12 नवंबर तक के कुल 71 हजार 843 मामले राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे गए थे। जिनमें से 66 हजार 636 मामलों का निपटारा किया गया। इसी प्रकार राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में 14598 लंबित मामलों में से 5,979 मामलों का निपटारा किया गया।
न्यायाधीश ने वकीलों को सलाह दी है कि वह कभी भी न्यायालय के कार्य में बाधा ना डाले क्योंकि विरोध जताने के और भी तरीके हो सकते है। उन्होंने कहा कि अगर आपसी सहमति से मामलों का निपटारा हो रहा है तो इससे बेहतर कुछ नहीं है।
लोक अदालत में 705, क्रिमिनल कंपाउंडेबल केस, 534 नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट, 40 एमएसीटी एक्ट, 102 पारिवारिक मामलों, 217 भूमि अधिग्रहण के मामले, 149 लेबर कोर्ट केस, 282 सिविल मामले, 3298 ट्रैफिक चालान संबंधी मामलों व 352 बिजली से जुड़े मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निपटाया गया।