इंदिरापुरम के शिप्रा मॉल के ग्राउंड में नरेंद्र मोदी ने 35 मिनट के भाषण में ‘सबका’ (सपा, बसपा-कांग्रेस) के सफाये की बात कही। मोदी ने कहा कि भाजपा की लोकप्रियता से विरोधी दल बौखला गए हैं।
मोदी ने कहा कि विपक्ष केंद्र में टूटी-फूटी सरकार बनने की अफवाह फैला रहा है। विरोधियों के बहकावे में न आएं, भाजपा को बहुमत से लाएं और 300 सीटों पर जिताएं।
'धूल नहीं, मिर्ची झोंक रही है कांग्रेस'
नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब तक जनता की आंखों में धूल झोंक रही थी, लेकिन अब जनता धूल झोंकने के बाद भी देख ले रही है। कारनामे सामने आने के बाद अब कांग्रेस ने मिर्ची झोंकनी शुरू कर दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार स्लाटर हाउस को बढ़ावा दे रही है। पशु गायब हो रहे हैं। आगे चलकर किसानों और पशुपालकों के सामने खाने के लाले पड़ जाएंगे। मांस विदेश में भेजा जा रहा है। भारत में नॉनवेज खाने वालों को भी मांस महंगा खरीदना पड़ रहा है।
'कांग्रेस का नारा- फूट डालो, राज करो'
आज चायवाला और गरीब का बेटा कांग्रेस से 40 साल का हिसाब मांग रहा हैं। उन्हें (सोनिया) जवाब नहीं सूझता तो सांप्रदायिकता का मुद्दा उठाती हैं। कांग्रेस विभाजन करके वोट बटोरना चाहती है, जबकि भाजपा सबको साथ लेकर चलना चाहती है।
उधर, गौतमबुद्ध नगर के कांग्रेस के प्रत्याशी रमेश चंद्र तोमर भाजपा में शामिल हो गए। वे कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। नरेंद्र मोदी ने उन्हें भाजपा में शामिल होने पर धन्यवाद दिया। तोमर पहले भाजपा में ही थे। उनकी घर वापसी हुई है।
'खामोश क्यों है चुनाव आयोग'
मोदी ने कहा कि देश की आर्मी ने अपने कर्तव्य को ही केवल अपना धर्म माना लेकिन सोनिया गांधी की सरकार ने पहली बार धर्म आधारित जनगणना कराने की सोची।
यह सरकार हर वर्ग-समाज को बांटने का काम करती है। सोनिया के बयान को सांप्रदायिक बताते हुए मोदी ने कहा कि सोनिया गांधी पर चुनाव आयोग कार्रवाई करे।
'हम एकता और विकास की बात करते हैं'
मोदी ने कहा कि कांग्रेस पूरी कोशिश कर रही है कि इस लोकसभा चुनाव को भी सांप्रदायिकता के रंग में रंग दे। जब भी मैं उनसे महंगाई को लेकर सवाल करता हूं तो वह सांप्रदायिकता की बात करते हैं, जब मैं नौकरी की बात करता हूं तो वह फिर वही सांप्रदायिकता की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से बांटो और राज करो की नीति पर काम करती रही है और हम एकता और विकास की बात करते हैं। मोदी ने कहा कि हम सत्ता के लालची लोग नहीं हैं। हमारा काम देश को एक रखना और विकास करना है।
'पड़ोसी देश भारत को आंख दिखाते हैं'
मोदी ने जनता से कहा कि अगर मजबूत सरकार बनानी है तो बीजेपी को वोट दीजिए। हमारे पड़ोसी देश भारत को आंख दिखाते हैं, इसलिए नहीं कि हमारे लोगों में दम नहीं है बल्कि इसलिए कि हमारी सरकार कमजोर है।
केंद्र में अगर मजबूत सरकार रहेगी तो कोई हमें आंख दिखाने की कोशिश नहीं करेगा। हमसे आंख मिलाएगा ना कि आंख दिखाएगा।
'सेना पूरे देश को जोड़ती है'
गाजियाबाद के शिप्रा मॉल मैदान पर बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कांग्रेस पर हमला बोला। मोदी यहां पर बीजेपी कैंडिडेट और पूर्व थल सेना अध्यक्ष वीके सिंह का प्रचार करने आए हैं
मोदी ने कहा कि सेना को संप्रदाय के आधार पर नहीं बांटा जा सकता। सेना पूरे देश को जोड़ने का काम करती है। बीजेपी कार्यकर्ता वीके सिंह पर बाहरी प्रत्याशी होने का आरोप लगा रहे हैं।
'कांग्रेस ने देश को बांटा है'
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली शुरू हो चुकी है।
गौतमबुद्घ नगर के प्रत्याशी महेश शर्मा और गाजियाबाद से वीके सिंह के समर्थन में चुनावी रैली करने आए नरेंद्र मोदी ने केंद्र की यूपीएम सरकार पर निशाना साधा है।
यूपी के दो जिलों की सीमा पर गरज रहे मोदी ने कहा कि यूपीए सरकार ने देश को बांटने का काम किया है।
'यूपीए ने जनता को निराश किया'
नरेंद्र मोदी ने सवालों की झड़ी लगाते हुए का कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति कर रही है। मंहगाई पर जनता के सवालों का जवाब कांग्रेस को देना पड़ेगा।
मोदी ने कहा कि यूपीए सरकार ने दस साल में देश की जनता को पूरी तरह निराश किया है।