परियोजना के तीन प्रमुख जंक्शन
कॉरिडोर के तीन प्रमुख यातायात जंक्शन हैं इसमें दीन बंधु छोटू राम चौक, नजफगढ़-कापसहेड़ा चौराहा और नजफगढ़-नांगलोई चौराहा। यहां पर राहगीरों के लिए क्रॉसिंग बनाई जाएंगी। एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से नजफगढ़-फिरनी रोड, कापसहेड़ा रोड, ढांसा रोड और बहादुरगढ़ रोड पर वाहनों को जाम से राहत मिलेगी। एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि इससे नजफगढ़, प्रेम नगर, न्यू गोपाल नगर, गोपाल नगर एक्सटेंशन, धरमपुरा, न्यू रोशनपुरा और लोकेश पार्क सहित आसपास के क्षेत्रों की 200 से अधिक कॉलोनियों के लोगों को जाम से राहत मिलेगी।
तीन दिशाओं से हरियाणा बार्डर को जोड़ती है फिरनी रोड
नजफगढ़ की फिरनी रोड हरियाणा बॉर्डर को तीन तरफ से जोड़ती है। इनमें नजफगढ़-झज्जर रोड, नजफगढ़-बहादुरगढ़-रोहतक रोड व नजफगढ़-गुरुग्राम रोड हैं। वहीं, दो सड़कें उत्तम नगर और नांगलाेई की तरफ जाती है। सामान्य दिनों में यहां जाम की समस्या राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत है। कई बार वाहन चालक घंटों जाम की चपेट में रहते हैं। कई बार चार मिनट के रास्ताें को पार करने में 40 मिनट से भी ज्यादा लग जाता है। वर्तमान में जाम की समस्या दूर करने के लिए रोड पर वन वे व्यवस्था लागू है, लेकिन इससे जाम की समस्या से छुटकारा नहीं मिल पा रहा है।
अतिक्रमण बन सकता है निर्माण कार्य में अड़चन
वर्ष 2012 में फिरनी रोड को पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई थी। करीब दो किमी लंबी इस सड़क की चौड़ाई 30 मीटर हैं, लेकिन अतिक्रमण के चलते इसकी चौड़ाई 20 से 22 मीटर हो गई है। ऐसे में परियोजना के निर्माण कार्य शुरू होने से पहले यहां से अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके लिए कई लोगों को नोटिस भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया जाएगा।