नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने मंगलवार को हीरो चौक व बादशाहपुर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाया। टीम ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी। मंगलवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम अचानक सुबह बाजारों में सजी दुकानों के बीच पहुंच गई। टीम को देखकर अतिक्रमण करने वालों में अफरातफरी मच गई।
टीम ने तुरंत सड़कों पर लगी बेतरतीब दुकानों को हटाना शुरू कर दिया। काफी देर तक अभियान चलाने के बाद सड़कों से अतिक्रमण को साफ किया। इसके बाद टीम ने बादशाहपुर और हीरो होंडा चौक पर बैटरी विक्रेताओं, मीट की दुकानों, टपरीनुमा ढाबों, रेहड़ी-पटरी सहित कूलर विक्रेताओं को हटाया। यहां भी सड़कों पर फैले अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों को जहां दिक्कत हो रही थी, वहीं जाम की समस्या भी गहराने लगी थी।
स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार इसकी शिकायत की जा रही थी। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इन स्थानों पर नजर बनी रहेगी। अगर फिर से किसी ने ऐसा करने का साहस किया तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कानून के तहत की जाएगी। निगमायुक्त वी. उमाशंकर ने कहा कि किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को सहन नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा नगर निगम टीमों ने बस स्टैंड, महावीर चौक व्यापार सदन, ओल्ड दिल्ली रोड, हरोली रोड सहित आसपास के क्षेत्र में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इन सभी के काफी सामान भी जब्त किए गए।