शनिवार को हापुड़ चुंगी से जा रही एक कार के नंबर को देख सीओ ट्रैफिक का माथा ठनक गया। कार का नंबर था एके-47। संदिग्ध लगने पर कार को आधा किलोमीटर पीछा कर रुकवाया गया।
तलाशी ली गई लेकिन कार में कुछ संदिग्ध नहीं मिला। कागज चेक किए गए तो पता चला कि कार का नंबर था यूपी 14 एके-0047। अधूरा नंबर लिखवाने पर चालान किया गया।
सीओ ट्रैफिक पीपी कर्णवाल ने बताया की कार चालक रजनीश निवासी कविनगर था। पंचशील में वह नौकरी करता है। उसने बताया कि शौक के तौर पर कार पर अधूरा नंबर लिखवाया हुआ था।
कार के कागज चेक किए गए, तलाशी ली गई। कार से कुछ संदिग्ध न मिलने पर यातायात के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में रजनीश की नंबर प्लेट का चालान किया गया।
रजनीश ने माफी मांगी और दोबारा ऐसा न करने का आश्वासन दिया। सीओ ने बताया कि चालान के बाद उससे चालान शुल्क वसूला गया।
आरोपी को चेतावनी दी गई कि अगर दोबारा कार पर ऐसी नंबर प्लेट लगी दिखी तो कार जब्त कर ली जाएगी। सीओ ने बताया कि ट्रैफिक मंथ के दौरान इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा कि कार पर गलत नंबर न लिखा हो।