जन्माष्टमी के दिन सोहना क्षेत्र में एक शराब सप्लायर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सोमवार को युवक का शव झाड़ियों में बरामद करने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक के गले पर रस्सियों का निशान मिला है ऐसे में पुलिस इसे रंजिश मान रही है। मृतक के पिता ने शराब माफियाओं पर युवक की हत्या करने का शक जाहिर किया है। इस आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसके मोबाइल फोन से कॉल डिटेल खंगाल रही है।
सोहना के वार्ड नंबर-15 में रहने वाले महाबीर (30) रविवार की रात जन्माष्टमी को लेकर अपने ठेकेदार के घर आयोजित भजन कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने गया था। लोगों के अनुसार यहां से प्रसाद लेकर निकलने के बाद वह घर नहीं पहुंचा। सोमवार सुबह जब लोग घुमने के लिए निकले तो वार्ड तीन स्थित आदर्श कॉलोनी के पास झाड़ियों में उसका शव मिला।
युवक का शव देखने के बाद काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद सोहना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक का गला दबाकर हत्या की गई है उसके गले पर रस्सी के निशान भी मिले। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक शराब सप्लाई का काम करता था। वह जगत नाम के ठेकेदार के पास काम कर रहा था। जन्माष्टमी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए गया था।
जिसके बाद सुबह उसकी लाश मिली। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि महाबीर के कई शराब माफियाओं के साथ संबंध थे उन्होंने उन्हीं पर हत्या का शक जाहिर किया है। हालांकि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है लेकिन किसी को नामजद नहीं किया है। मामले की जांच कर रहे चौकी इंचार्ज उमेश कुमार के अनुसार पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन मिला है जिसके कॉल डिटेल निकाले जा रहे है।