कैलाशपुर की महिला से अवैध संबंध के विवाद में प्रेमी ने साथी के साथ मिलकर दोस्त की हत्या की थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर को कैलाशपुर ग्राम के बम्बे के नीचे से शव मिला था। श्यौराजपुर निवासी संतराम पुत्र रामपाल ने भाई प्रवीण के रूप में शव की पहचान की थी।
पुलिस ने अज्ञात हत्यारे के खिलाफ धारा-302 में रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने सविलांस के जरिये मोहित पुत्र राजकिशोर निवासी श्यौराजपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने अनूप के साथ मिलकर प्रवीण की हत्या कर दी थी। गांव की एक महिला से संबंधों को लेकर कई दिनों से उसका प्रवीण से विवाद चल रहा था।
26 दिसंबर की रात में प्रवीण दादरी से अकेला आता दिखाई दिया। फाटक के नजदीक से दोनों आरोपियों ने उसे बाइक पर बैठा लिया। तीनों ने कैलाशपुर गांव के बम्बे के नीचे खाली प्लॉट में शराब पी। इसके बाद ईंटों से वार करके प्रवीण की हत्या कर दी गई।