दिल्ली के कृष्णा नगर में कार हटाने के विवाद में चार भाइयों ने बुजुर्ग कारोबारी पर सरिये से जानलेवा हमला कर दिया। उसके घर पर भी जमकर तोड़फोड़ की। बुजुर्ग के दो बेटों को भी पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस ने घायल पिता-पुत्रों को स्वामी दयानंद अस्पताल में भर्ती कराया है।
पीड़ित बेतल सिंह (62) परिवार के साथ ए-ब्लॉक कृष्णा नगर में रहते हैं। इनकी बवाना में ऑटो पार्ट्स की फैक्टरी है। रविवार रात करीब 10.30 बजे वे अपने बड़े बेटे लक्ष्मण के साथ कार में फैक्टरी से घर लौट रहे थे। घर पहुंचकर लक्ष्मण कार पार्क करने लगा। तभी पड़ोस में रहने वाले जीतू व विक्की रिक्शा में पहुंचे। वे लक्ष्मण से कार हटाने को कहने लगे। इस पर उनमें बहस व गाली-गलौच हो गई।
दोनों युवक कुछ देर में आने की बात कहकर चले गए। आरोप है कि करीब 10 मिनट बाद जीतू, विक्की, राजेश व अजय चारों भाई डंडों व सरियों से लैस होकर बेतल के घर में घुस गए। आरोपियों ने सरिये से बेतल का सिर फोड़ दिया। बीच-बचाव कराने आए बेटों श्याम व रविंद्र पर भी जानलेवा हमला किया। घर में तोड़फोड़ कर जाते समय परिवार को जान से मारने की धमकी दी। कृष्णा नगर थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास, जान से मारने की धमकी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।