बुधवार को डेढ़ घंटे में दो बार सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का काफिला मोदीनगर और मुरादनगर शहर से निकला। इसके चलते पुलिस महकमे में जाम को लेकर हड़कंप मचा रहा।
नेताजी को निकालने के लिए पुलिस कार्यप्रणाली से लोगों को परेशानी हुई। हालात यह रहे कि 10-15 मिनट तक पैदल व्यक्ति को भी सड़क पार नहीं करने दी गई।
बुधवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव मेरठ रिठानी में एक शादी समारोह में शिरकत करने गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे उनका काफिला दिल्ली से मेरठ की ओर रवाना हुआ और करीब दो बजे काफिला दिल्ली के लिए लौटा।
इस बीच डेढ़ घंटे तक मोदीनगर-मुरादनगर पुलिस सड़क पर रही और हाईवे को जाम मुक्त कराने की कोशिश में लगी रही। इतना ही नहीं काफिले की लॉकेशन मिलते ही पुलिस ने भीड़भाड़ वाले राज चौराहे पर हापुड़ और निवाड़ी रोड से आ रहे यातायात को क्रासिंग करने से रोक दिया।
कोतवाली के पास तैनात पुलिस कर्मियों ने नेता जी का काफिला निकालने के लिए सड़क पार कर रहे लोेगों को धक्का देकर सड़क से हटाया।
गौरतलब है कि पिछले दो माह के भीतर एक तीसरा मौका है जब वीआईपी को निकालने के लिए पुलिस ने जनता को परेशान किया है।
इससे पहले एक बार सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और दूसरी बार नगर विकास मंत्री आजम खां का काफिला लोगों की परेशानी का सबब बना था।