सावन माह के प्रथम सोमवार को शहर के तिजारा मार्ग स्थित ऐतिहासिक पांडव कालीन शिव मंदिर पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया।
अरावली की वादियों में बना प्राचीन पांडव कालीन शिव मंदिर आस्था का केन्द्र बना हुआ है। यहां साल भर में दो बार शिवभक्त जलाभिषेक कर अपनी मन्नतें मांगने आते हैं। इसी के चलते सावन माह के प्रथम सोमवार को भी शिव मंदिर पर हजारों लोगों ने जलाभिषेक किया।
शिव भक्तों ने मंदिर में दर्शन कर अरावली की वादियों को बोल-बम के उद्घोषों से गुंजायमान कर दिया। इस संदर्भ में शिव मंदिर विकास समिति के प्रधान अनिल गोयल ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को विद्वानों के हिसाब से बड़ा ही मंगलकारी बताया गया है।
इसी के चलते पहले सोमवार को मंदिर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। मेले पर कोई अप्रिय घटना न हो इसके लिए मंदिर परिसर पर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस फोर्स का प्रबंध किया जा रहा है।