पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर बुधवार को कचहरी के अधिवक्ता कार्य से विरत रहेंगे। वकीलों ने सांसद वीके सिंह को उनके ही आवास पर बंधक बनाने का ऐलान किया है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पंडित के अनुसार संघर्ष समिति के आह्वान पर पश्चिमी यूपी के सभी जिलों के अधिवक्ता बुधवार को काम नहीं करेंगे। सभी अपने सांसद का घेराव करेंगे।
उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे अधिवक्ता बार सभागार में एकत्र होंगे। इसके बाद सांसद एवं केंद्रीय मंत्री वीके सिंह का राजनगर सेक्टर-2 स्थित आवास तक पैदल मार्च किया जाएगा।
सांसद का घेराव तब तक जारी रहेगा, जब तक वह बेंच के बारे में और प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय दिलाने के लिए लिखित आश्वासन नहीं देते।
बुधवार को किसी भी मामले में सुनवाई नहीं हो सकेगी। इसलिए एनआरएचएम घोटाला समेत कई महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई टलनी तय है।