भाजपा सांसद की सुरक्षा में तैनात दिल्ली पुलिस के सिपाही की पिस्टल व 12 कारतूस गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिस्टल व कारतूस के साथ सिपाही भी गायब हो गया था।
नई दिल्ली जिले की तुगलक रोड थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट से सिपाही को पुलिस रिमांड पर लेकर पिस्टल की बरामदगी के प्रयास किए गए।
लेकिन पिस्टल बरामद नहीं हो सकी। मंगलवार को सिपाही को पटियाला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिहार से भाजपा के लोकसभा सांसद डॉ. भोला सिंह लोधी एस्टेट में रहते हैं। दिल्ली पुलिस का सिपाही प्रकाश चंद उनकी सुरक्षा में तैनात था।
वह दिल्ली पुलिस की वीआईपी सिक्युरिटी यूनिट में ई-ब्लॉक में तैनात था। जी-ब्लॉक न्यू विजय नगर, गाजियाबाद उत्तर प्रदेश निवासी प्रकाश चंद 10 सितंबर को अचानक 9 एमएम की सरकारी पिस्टल व 12 कारतूस के साथ गायब हो गया।