ग्रेनो वेस्ट में बुधवार को बाइक सवार हमलावरों ने एनजीओ संचालक और उसके चचेरे भाई को गोली मारने की कोशिश की गई, लेकिन तमंचे में कारतूस फंसने से उनकी जान बच गई। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
एनजीओ संचालक का आरोप है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साढू सुरेंद्र कुमार बंसल के खिलाफ एंटी करंप्शन ब्यूरो (एसीबी) में शिकायत करने और गवाही के चलते उस पर हमला कराया गया।
बिसरख कोतवाली के एचएचओ राजेश शर्मा ने बताया कि राहुल शर्मा की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी सोसायटी निवासी राहुल शर्मा रोड्स एंटी करप्शन ऑर्गनाइजेशन नाम से एनजीओ चलाते हैं। बुधवार को वह चचेरे भाई वरुण शर्मा के साथ इनोवा कार से दिल्ली जा रहे थे।