नोएडा के सेक्टर-61 निवासी बीटेक की छात्रा शुभांगी (21) ने मंगलवार को अपने जन्मदिन पर खुदकुशी कर ली। उसका शव घर के स्टोर रूम में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
परिजन ने शव को उतारने के बाद पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-58 थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अभी आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के अनुसार एमिटी यूनिवर्सिटी में बीटेक सेकेंड ईयर की छात्रा शुभांगी मकान नंबर-21 शिवालिक, सेक्टर-61 में माता-पिता और दो बहनों के साथ रहती थी।
डिनर के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी
पिता रंजन कुमार मूल रूप से पटना, बिहार के रहने वाले हैं। उनका कंस्ट्रक्शन का काम है। मंगलवार को शुभांगी का बर्थडे था। सुबह करीब 9 बजे तक जब वह कॉलेज जाने के लिए रूम से बाहर नहीं निकली, तो उसकी मां ने उसे पुकारा।
मगर कोई उत्तर नहीं मिला। मां शुभांगी के रूम में गई तो वहां वह नहीं थी। बताया गया है कि छात्रा सोमवार रात डिनर के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी।
मां जब उसे खोजते हुए घर के स्टोर रूम में गई तो उन्होंने देखा कि शुभांगी दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी।
सुइसाइड नोट नहीं मिला
परिजन ने शव को उतार लिया और उसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएचओ रविकांत पाराशर का कहना है कि घटनास्थल से सुइसाइड नोट नहीं मिला। शुभांगी के परिजन से पूछताछ की गई है, मगर आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।