फरीदाबाद सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैली गांव में एक मां पर नवजात बच्ची की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप महिला के पति ने लगाया है।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी भीम सिंह के अनुसार गांव कैली निवासी धर्मेंद्र की शादी करीब 15 महीने पहले पलवल निवासी बिमलेश के साथ हुई थी। बिमलेश ने 9 अक्तूबर को बेटी को जन्म दिया। बिमलेश के पति धर्मेंद्र का आरोप है कि बेटी के पैदा होने से पत्नी बिमलेश खुश नहीं थी। उसे बेटे की चाह थी और बेटी पैदा होने पर वह उसकी देखभाल भी नहीं करती थी।
धर्मेंद्र का आरोप है कि बिमलेश न तो समय पर बच्ची को दूध पिलाती थी और न ही उसका ध्यान रखती थी। धर्मेंद्र का आरोप है कि मंगलवार रात को बच्ची के रोने पर बिमलेश ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
बुधवार सुबह धर्मेंद्र को पता चला कि बेटी की मौत हो गई है। धर्मेंद्र ने यह शिकायत पुलिस को भी दी। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।