बृहस्पतिवार और शुक्रवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी
तीन से चार डिग्री तक तापमान घटने के हैं आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली में बुधवार की शाम को पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला। अचानक काले बादलों के साथ अंधेरा छा गया और कई जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे पहले ज्यादातर इलाकों में बुधवार को सुबह से ही तेज चमकदार धूप निकली थी। दिन चढ़ने के साथ ही धूप भी तेज हो गई। लेकिन, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही भी लगातार बनी रही। शाम को अचानक मौसम बदल गया। काले बादल छा गए और तेज धूल भरी हवाएं चलने लगीं। इसके साथ ही ज्यादातर जगहों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी देखी गई। वहीं, मौसम विभाग ने रात 10 बजे तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने पहले ही ऐसी संभावना जताई थी, क्योंकि पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। दिल्ली के पालम में शाम 7 बजे हवा की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रही। आंधी और बौछारें पड़ने से अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक रेंगता नजर आया। तेज आंधी से एनसीआर के कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।