दिल्ली में इस बार का नवंबर का महीना 71 सालों में सबसे ठंडा रहा है। वर्ष 1949 के बाद यह दूसरी बार है जब नवंबर का औसत तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बीते रविवार तक बीते दस सालों में नवंबर का महीना सर्द रहा था। जबकि एक नवंबर से 30 नवंबर के औसत तापमान को देखें तो 71 साल बाद सबसे सर्द महीना रहा है।
मौसम विभाग की मानें तो इसका कारण ग्लोबली तापमान कम है, पश्चिमी विक्षोभ का अंतराल ज्यादा है, तुलनात्मक रूप से उत्तर पश्चिम हवाएं ज्यादा चल रही है। इन तीनों के मिले-जुले असर के कारण ही ऐसा हुआ है। आईएमडी के आंकड़ों को देखें तो 1938 नवंबर में औसत न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री, 1931 में नौ डिग्री और 1930 में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। सामान्य तौर पर नवंबर माह में औसत तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जाता है।
बीते साल नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस, जबकि वर्ष 2018 में 13.4 डिग्री सेल्सियस, 2017 तथा 2016 में 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। नवंबर में इस बार चार बार शीतलहर चली जिसमें तीन नवंबर, 20 नवंबर, 23 नवंबर व 24 नवंबर शामिल है। मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे चला जाता है या दो दिन तक सामान्य तापमान से चार से पांच डिग्री कम हो तो उस स्थिति में शीत लहर घोषित की जाती है।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान सोमवार को सामान्य से तीन डिग्री कम 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नवंबर में यह आठवीं बार है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से भी कम दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सिय दर्ज किया गया। मौसम विभाग की मानें तो 23 नवंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा था जो कि 2003 के बाद सबसे कम रहा। वर्ष 2003 में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था। अक्तूबर माह भी 58 सालों में सबसे ठंडा रहा था। अक्तूबर का औसत तापमान 17.2 था जो कि 1962 के बाद सबसे कम था।