दक्षिण-पश्चिमी जिले के द्वारका इलाके में पूर्वोत्तर की युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छेड़छाड़ करने वाला आरोपी पीड़ित युवती के हॉस्टल का केयर टेकर है। द्वारका(साउथ) थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि वह पहले भी युवती के साथ छेड़छाड़ कर चुका है। युवती ने पहले उसे नजरअंदाज कर दिया था।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये मामला रविवार रात का है। द्वारका स्थित एक हॉस्टल में रहने वाली युवती(22) ने पुलिस को सूचना दी थी कि हॉस्टल का केयर टेकर तुलाकांत ठाकुर(33) ने उसके साथ अश्लील हरकतें की हैं।
केयर टेकर पीछे से आया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद वह उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती ने उसकी हरकतों का विरोध किया तो उसने अपनी हरकतें तेज कर दीं। जब युवती चिल्लाई तो आरोपी मौके से भाग गया।
द्वारका (साउथ) थाना पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपी को रविवार रात को ही गिरफ्तार कर लिया। युवती का आरोप है कि आरोपी पहले भी उसके साथ कई बार छेड़छाड़ कर चुका है।
युवती अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली है और दिल्ली में प्राइवेट जॉब करती है। आरोपी गार्ड सहरसा( बिहार) का रहने वाला है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।