प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ भारत बनाना चाहते हैं, लेकिन स्वच्छता अभियान की बजाय महिला सुरक्षा का मुद्दा ज्यादा जरूरी है। मोदी स्वच्छता अभियान को अधिक तवज्जो दे रहे हैं, जबकि उन्हें देश की बेटियों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। यह कहना है बॉलीवुड आइटम गर्ल राखी सावंत का।
राखी मंगलवार को दिल्ली गैंगरेप की दूसरी बरसी पर ‘मेरे आंसू’ वीडियो एलबम के माध्यम से बिटिया को श्रद्धांजलि देने पहुंची थी। कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित कार्यक्रम में राखी ने कहा कि मोदी मेरे पिता समान हैं और मैं अपनी टीम सहित उनसे मिलकर बिटिया को इंसाफ दिलाने संग अन्य बेटियों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाने की मांग करूंगी।
राखी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार से तो मैं उम्मीद नहीं कर सकती थी, लेकिन भाजपा की बेटी होने के नाते मोदी से करती हूं कि वे महिलाओं की सुरक्षा पर काम करेंगे। मैं इस मुद्दे पर जल्द ही अमित शाह और स्मृति ईरानी से भी मिलूंगी। राखी ने बेटियों को सलाह दी कि अपनी सुरक्षा के लिए उन्हें आत्मरक्षा के गुण भी सीखने चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर स्प्रे, मिर्ची स्प्रे के दाम कम करने चाहिए, ताकि बेटियां अपना बचाव कर सकें।