दिल्ली में विधानसभा चुनाव में जुटी भाजपा दिल्ली में एक बड़े कार्यक्रम का खाका तैयार करने में जुटी है। रामलीला मैदान में 10 या 11 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम में भाजपा अपनी पार्टी के मुख्यमंत्रियों को सम्मानित करेगी।
कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संबोधित करेंगे। लिहाजा माना जा रहा है कि इसी कार्यक्रम में दिल्ली विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका जाएगा।
इस कार्यक्रम का नाम मुख्यमंत्रियों का अभिनंदन अब दिल्ली की है बारी दिया गया है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी इस तरह के कार्यक्रम को आयोजित कर यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस राज्य में चुनाव हुए वहां भाजपा की सरकार बनी।
अब दिल्ली की बारी है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि झारखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों के साथ ही अगर जम्मू-कश्मीर में भाजपा नेता मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।