दिल्ली में एक महिला का मोबाइल छीनने आए झपटमार को शायद ये नहीं पता था कि अगले कुछ ही पलों में उसके साथ क्या होने वाला है। झपटमार ने जैसे ही महिला का मोबाइल फोन छीना, महिला तुरंत उससे भिड़ गई।
दोनों मोबाइल लेने के लिए अपनी पूरी ताकत लगाने लगे। आखिरकार झपटमार को हार माननी पड़ी और वह महिला का मोबाइल वहीं छोड़कर अपनी जान बचाते हुए भाग गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि एक महिला चार सितंबर को बदरपुर इलाके के ताजपुर पहाड़ी में रहने वाली अपनी दोस्त से मिलने गई थी। रास्ते में एक सुनसान स्थान पर एक झपटमार ने महिला को अकेला देखकर उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। यहीं उससे गलती हो गई।
महिला ने तुरंत पलटवार करते हुए उसे दबोच लिया। इसके बाद दोनों में छीना-झपटी होने लगी और कुछ देर बाद झपटमार की हिम्मत जवाब दे गई। वह मोबाइल वहीं छोड़कर वहां से अपनी जान बचाकर भाग गया। यह पूरी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।