तिहाड़ जेल में बंद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पुत्र व पूर्व सांसद अजय चौटाला की सेल से मोबाइल बरामद किया गया है। जेल प्रशासन को सूचना मिली थी कि अजय चौटाला के पास मोबाइल है, जिसका लगातार इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसके बाद प्रशासन ने छापामारी की। 13 जून को भी जेल प्रशासन को पूर्व सीएम ओपी चौटाला की सेल से मोबाइल मिला था। पिता-पुत्र के पास दूसरी बार मोबाइल मिलने से अफसरों के दावे खोखले नजर आ रहे हैं।
जांच की जा रही है कि जेल के अंदर मोबाइल कब और किसने पहुंचाया? जांच रिपोर्ट के आधार पर अजय चौटाला पर सख्ती बढ़ाई जा सकती है।
हरियाणा के जेबीटी घोटाला मामले में बंद चौटाला पर आगे फरलो पर भी 3 वर्ष की पाबंदी लगाई जा सकती है। पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के दावे के बावजूद मोबाइल की बरामदगी जेल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रही है।