दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने अमेजन बिग बिलियन डे सेल्स के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। सीए की पढ़ाई कर रहे आरोपी ने फर्जी वेबसाइट के जरिए न सिर्फ एड लेकर मोटी कमाई की, बल्कि लोगों की निजी जानकारियां तक चुरा ली। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी इस साइट के जरिए लाखों रुपये कमा चुका है।
साइबर सेल के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पिछले दिनों अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मिली शिकायत में कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि किसी अनजान शख्स ने http://amazon-big.billions-day-sales.in के नाम फर्जी वेबसाइट बनाई हुई है। आरोपी न सिर्फ लोगों के साथ ठगी कर रहा है, बल्कि वह अमेजन की छवि को भी खराब रहा है। एसीपी आदित्य गौतम, इंस्पेक्टर प्रवीन व अन्य की टीम ने मामले की छानबीन शुरू की। वेबसाइट और आईपी एड्रेस की मदद से शुक्रवार को आरोपी को को राजस्थान के चूरु से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान सुजानगढ़ निवासी रोहित सोनी (23) के रूप में हुई है।
फ्री लैपटॉप और फ्री सोलर पैनल देने वाली वेबसाइट भी बनाई
आरोपी पहले भी इंटरनेट ट्रैफिक में ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ प्रसिद्ध वेबसाइट से मिलती जुलती वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ ठगी करता रहा है। इससे पहले उसे भारत सरकार द्वारा फ्री लैपटॉप और फ्री सोलर पैनल देने की वेबसाइट बनाने के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका था। फिलहाल वह जमानत पर है। आरोपी ने बताया कि उसने दो माह पूर्व ही वेबसाइट बनाकर ठगी शुरू की थी।
4 फन एप भी बनाया
वेबसाइट के साथ ही आरोपी ने 4 फन के नाम से एक ऐप भी वेबसाइट पर डाला था। ब्राउजिंग करने वाला इस एप को डाउनलोड करता था तो उसके बदले उसे 6 रुपये मिलते थे।