गुड़गांव में अब ऑटो में कहीं भी सफर करने के लिए आपको चालकों की मनमानी नहीं झेलनी पड़ेगी। बस एक क्लिक में आपको शहर में किसी भी प्वाइंट का किराया पता चल जाएगा।
हाईटेक हो रही गुड़गांव पुलिस ने इस दिशा में नया प्रयोग करते हुए ऑटो फेयर कैलकुलेटर के रूप में नया एप लांच किया है। इसमें शहर के सभी स्थानों का ऑटो किराया और दूरी की कैलकुलेशन हो जाएगी।
पढ़ें- साइंस ओलंपियाड में दिखा साइबर सिटी का जलवा
बुधवार को एप की लांचिंग करते हुए पुलिस कमिश्नर आलोक मित्तल ने बताया कि इस एप की मदद से ऑटो बुक करने के लिए नया विकल्प मिलेगा, जिसमें प्रीपेड ऑटो बूथ पर तय किराये के अनुसार ही एप में निर्धारित स्थान की दूरी और किराया यात्री को पता चल जाएगा।
शुरुआती चरण में दो प्रीपेड ऑटो बूथ (जिनमें हुडा सिटी सेंटर और एमजी रोड मेट्रो स्टेशन) से विभिन्न स्थानों के लिए किराया सूची की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, एक सप्ताह में रेलवे स्टेशन को भी एप में जोड़ दिया जाएगा।
पढ़ें- 'पार्क की जगह न बनाएं मल्टीलेवल पार्किंग'
पुलिस का दावा है कि एप को हाईटेक बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है, जिसमें 15 दिन में शहर के सभी स्थानों को जोड़ने के बाद यात्री कहीं से भी सफर की शुरुआत के लिए किराये की जानकारी ले सकते हैं। इस मौके पर संयुक्त आयुक्त (मुख्यालय) भारती अरोड़ा, डीसीपी (क्राइम) बलवान सिंह राणा समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
ऐसे करें डाउनलोड
स्मार्ट फोन यूजर एंड्रॉयड मार्केट और गूगल प्ले स्टोर से गुड़गांव पुलिस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। लोगों की सुविधा के लिए पुलिस ने इसी एप में ऑटो फेयर कैलकुलेटर को शामिल किया है, जिस पर यात्री क्लिक कर किराये की जानकारी ले सकते हैं।
कर सकते हैं शिकायत
पुलिस कमिश्नर के अनुसार, अगर कोई ऑटो चालक एप के बताए किराये के अनुसार जाने से मना करता है अथवा ज्यादा किराये की मांग करता है, तो यात्री पुलिस को शिकायत कर सकते हैं। ऐसे ऑटो चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।