एमएमएच कॉलेज के छात्र-छात्राएं अब देश-विदेश की यूनिवर्सिटीज की लाइब्रेरी की ई-बुक्स, ई-जर्नल को कॉलेज में बैठकर पढ़ सकेंगे। यूजीसी के सहयोग से कॉलेज में ई-लाइब्रेरी लैब की शुरुआत हो गई है।
लैब में छात्रों को मुफ्त इंटरनेट, फोटो स्टेट, डाक्युमेंट स्कैनिंग आदि सुविधाएं मिलेंगी। लाइब्रेरी से रिसर्च छात्रों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। उन्हें महंगे जर्नल यहां आसानी से उपलब्ध हो जाएंगे। मंगलवार को मैनेजमेंट कमेटी के सचिव अभिनव कृष्ण और प्रिंसिपल डा. आरएम जौहरी ने ई-लैब का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर डा. जौहरी ने कहा कि लाइब्रेरी से न केवल छात्र, बल्कि शिक्षक भी फायदा लेंगे। बहुत सी बुक और जर्नल ऐसे होते हैं, जो उन्हें नहीं मिल पाते। लिहाजा वह इस लैब में विदेशी यूनिवर्सिटीज की ऑनलाइन बुक्स और जर्नल को पढ़ सकेंगे।
कनवीनर डा. एसपी सिंह ने बताया कि लैब यूजीसी के सहयोग से आठ लाख रुपये में तैयार की गई है। कॉलेज में वाईफाई लगाकर बाकी डिपार्टमेंटल लाइब्रेरी को भी इस सुविधा से जोड़ने की योजना है। उद्घाटन के अवसर पर डा. एसबी कुलश्रेष्ठ, डा. डिंपल विज, डा. संजय सिंह, डा. यूसी शर्मा, डा. एमसी जैन आदि उपस्थित थे।
एक प्लेटफार्म पर इंट्राडेल नेट से जुड़ी यूनिवर्सिटीज
ई-लैब में एचआरडी मिनिस्ट्री द्वारा इंट्रा डेल नेट सॉफ्टवेयर को लिंक किया गया है। इसका फायदा यह होगा कि एमएमएच कॉलेज देश और विदेश की उन यूनिवर्सिटीज व कॉलेज से जुड़ गया है, जो इस सॉफ्टवेयर से पहले से संबद्ध हैं।