कांग्रेसी विधायक ललित नागर ने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को झूठे सपने दिखा रही है। सरकार की कार्यशैली से लगता ही नहीं कि राज्य में सरकार चल भी रही है या नहीं। वह शुक्रवार को अशोका एंक्लेव पार्ट-1 में लोगों द्वारा जनसमस्याओं को लेकर एक बैठक कर रहे थे।
बैठक में स्थानीय लोगों ने विधायक को बताया उनकी कॉलोनी को नियमित होने के बावजूद इसे स्मार्ट सिटी का हिस्सा न बनाए जाने से उन्हें निराशा है। उन्होंने बताया कि उनकी कॉलोनी में पानी की काफी समस्या है। बिजली के अघोषित कटों ने जीना दुश्वार किया हुआ है। बिजली की आपूर्ति सुचारू न होने के कारण लोगों को परेशानियां हो रही हैं। निजी स्कूलों द्वारा फीस की दरों में बढ़ोत्तरी किए जाने से यहां रहने वाले मजदूर व मेहनतकश लोगों के सामने बच्चों को पढ़ाना किसी चुनौती से कम नहीं है।
लोगों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक नागर ने कहा कि भाजपा केवल स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को बरगला रही है। तिगांव ही नहीं पूरे फरीदाबाद में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और भाजपाई केवल कागजों में विकास की बातें करके देश व प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
इस मौके पर दिगंबर सिंह, भूपेंद्र उपाध्याय, केसरी चौधरी, कुलदीप चौहान, हरीश जोशी, डॉ. धनंजय, हरीश रावत, राजीव अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, योगेश यादव, नरेंद्र तेवतिया, सुनील चौधरी, सुरेश चौधरी, ओमकार चौधरी, संतोष तिवारी आदि लोग मौजूद थे।