नूंह। नूंह के विधायक आफताब अहमद ने सोमवार को जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी से मुलाकात कर जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), केंद्रीय विद्यालय चिलावली के विद्यार्थियों के लिए बस सेवा तथा मानसून के दौरान जलभराव की समस्या पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हाजी शहीदा खान भी मौजूद रहे।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिले में एसआईआर के तहत लगभग 65 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा हो चुका है तथा शेष कार्य भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। विधायक आफताब अहमद ने कहा कि कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी बीएलओ के साथ सहयोग कर रहे हैं ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल न हों। उन्होंने प्रशासन से एसआईआर को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की भी अपील की।