नरेला में आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता सोनी की आत्महत्या के मामले में क्राइम ब्रांच, एसआईटी की जांच जारी है। बृहस्पतिवार को एसआईटी ने एक बार फिर नरेला से ‘आप’ विधायक शरद चौहान से पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों की मानें, तो पूछताछ में शरद ने माना है कि आरोपी रमेश भारद्वाज, अमित भारद्वाज और रजनीकांत को वह जानते हैं, लेकिन सोनी आत्महत्या कांड से उनका कोई लेना देना नहीं है।
इधर, बृहस्पतिवार को पार्टी ने एसआईटी पर रमेश को थर्ड डिग्री टॉर्चर करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इससे इनकार किया है। बता दें कि सोनीपत से हुई गिरफ्तारी के बाद रमेश को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों की मुताबिक, एसआईटी ने बुधवार देर रात तक विधायक शरद चौहान से पूछताछ की। बृहस्पतिवार को पूछताछ में दोबारा शामिल होने की
बात कर उन्हें छोड़ दिया गया था।
सोनी को प्रताड़ित करने या धमकाने में कहीं शरद का तो नहीं हाथ?
आप महिला कार्यकर्ता ने की आत्महत्या
- फोटो : अमर उजाला
इसके साथ ही शरद से अमित व रजनीकांत को भी पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया था। बृहस्पतिवार सुबह शरद चौहान, रजनीकांत के साथ अपराध शाखा के रोहिणी स्थित दफ्तर पहुंच गए।
पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी अमित भारद्वाज, विधायक शरद का सचिव है। वहीं, रजनीकांत से भी उनके करीबी रिश्ते हैं। शरद के साथ जांच में शामिल हुए रजनीकांत से भी पुलिस ने पूछताछ की।
रजनीकांत ने सोनी के आरोपों से इनकार किया है। वहीं, अमित की गिरफ्तारी के लिए विधायक पर दबाव बनाने पर शरद का कहना है कि सोनी आत्महत्या कांड के बाद से उनका अमित से संपर्क नहीं हुआ है।
पुलिस ने विधायक का सीडीआर भी निकलवाया है। पुलिस ने शरद, रमेश और रजनीकांत को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सोनी को प्रताड़ित करने या धमकाने में कहीं शरद का तो कोई हाथ नहीं है।
सोनी ने अमित व रजनीकांत को ठहराया था मौत का जिम्मेदार
आप महिला कार्यकर्ता ने की आत्महत्या
- फोटो : अमर उजाला
इस बात का भी पता किया जा रहा है कि रमेश के अलावा सोनी को धमकाने में और किन-किन लोगों का हाथ है। इधर, मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने रमेश को थर्ड डिग्री देने की बात से इनकार किया है।
वहीं, अमित की तलाश में बृहस्पतिवार को भी दिल्ली, हरियाणा समेत अन्य जगहों पर पुलिस टीम की छापेमारी जारी रही। गौरतलब है कि रमेश पर छेड़छाड़ और जबरन संबंध बनाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाने वाली आप की कार्यकर्ता सोनी ने 19 जुलाई को नरेला इलाके में जहरीला पदार्थ पीकर जान दे दी थी।
मरने से पहले दिए गए बयान में सोनी ने रमेश, अमित व रजनीकांत को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।