मशहूर बॉलीवुड अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह चक्रवर्ती और पत्नी योगिता बाली ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। इस पर आज सुनवाई होगी।
रोहिणी जिला अदालत ने भोजपुरी फिल्मों की अभिनेत्री की शिकायत पर दिल्ली पुलिस को एफआईआर का निर्देश दिया था। पीड़िता का आरोप है कि मिथुन के बेटे मिमोह ने शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया।
उसका आरोप है कि मिथुन की पत्नी ने उसे धमकी दी। खास बात है मिमोह की 7 जुलाई को किसी दूसरी लड़की से शादी हो रही है। रोहिणी जिला अदालत की एसीएमएम एकता गाबा ने अभिनेत्री की शिकायत पर मिथुन के बेटे महाअक्षय उर्फ मिमोह चक्रवर्ती पर दुष्कर्म, जहरीला पदार्थ देने, जबरन गर्भपात कराने, धोखाधड़ी करने, योगिता बाली पर धमकी देने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच का निर्देश एसएचओ थाना बेगमपुर को दिया था।
पेश मामले में पीड़िता का कहना है कि उसके माता-पिता नहीं हैं। वह अप्रैल 2015 में मिमोह से मिली थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होने लगी। मिमोह ने मई 2015 में मीटिंग के लिए पीड़िता को अपने फ्लैट पर बुलाया। वहां पर उसने नशीला पेय देकर उससे संबंध बनाए।