मध्य दिल्ली के रणजीत नगर इलाके में बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने निजी कैश कलेक्शन कंपनी के कार सवार चार कर्मचारियों पर गोली चलाकर 39 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के समय चारों कर्मचारी अपने दफ्तर से कैश लेकर पूर्वी दिल्ली के एक बैंक में जमा कराने जा रहे थे। नारायणा रोड पर पहुंचते ही दो बाइक पर आए तीन बदमाशों ने कार पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रणजीत नगर स्थित सत्यम कांप्लेक्स में ग्री-एसोसिएट के नाम से निजी कंपनी है। यह कंपनी दिल्ली में शराब के ठेकों से कैश कलेक्शन का काम करती है। रुपये इकट्ठे करने के बाद कैश को पूर्वी दिल्ली के निजी बैंक में जमा कराना होता है।
बुधवार सुबह 10.30 बजे कंपनी के कर्मचारी अनिल कुमार, मोहम्मद अरशद, प्रवीण कुमार और भूपेंद्र शर्मा कार से 39 लाख रुपये एक बैग में लेकर बैंक के लिए निकले। कार प्रवीण चला रहा था। कार ऑफिस के पास शादीपुर नाले के नजदीक पहुंची थी कि अचानक ओवरटेक कर बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार रोकने का इशारा किया।
इस बीच एक बदमाश ने कार पर दो गोलियां चला दीं। एक गोली सामने की ओर, दूसरी गोली कार के पिछले शीशे पर लगी। बदमाशों ने चारों को बंदूक दिखाकर कार से नीचे उतार दिया। इसके बाद एक बदमाश ने कार की पिछली सीट पर रखा बैग उठाया और तीनों बदमाश फरार हो गए। बदमाशों ने जाते-जाते चारों को गोली मारने की धमकी दी।
जानकार का हाथ होने की आशंका
शुरुआती जांच के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस प्रकार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है, उससे लगता है कि वारदात में कंपनी के किसी करीबी का हाथ है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि बदमाशों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। रुपये लेकर निकलते ही बदमाश कर्मचारियों के पीछे लग गए। इन्होंने ऐसी जगह वारदात की, जहां सीसीटीवी कैमरे भी मौजूद नहीं थे।