मतदान के दौरान नोएडा के कई बूथ पर अजब ही आलम रहा। कहीं लोग मतदाता पहचान पत्र में त्रुटि होने से परेशान रहे तो कहीं मतदाता सूची में लोगों का नाम ही नहीं मिला।
ऐसे में हजारों लोग मतदान केंद्रों से निराश होकर लौटे। छिजारसी में महिला के वोटर आईडी कार्ड पर उसके पति का फोटो छपा था। तो पति के वोटर आईडी कार्ड पर किसी और का फोटो लगा था।
लोकतंत्र के महापर्व पर बृहस्पतिवार को एक ओर जहां मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह था वहीं, कई मतदान केंद्रों पर बीएलओ मतदाता सूची सहित गायब रहे। जिससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। छिजारसी और कनावनी गांव में बने मतदान केंद्र में बीएलओ डेस्क नदारद रही।
यह भी पढ़ें: सिर्फ युवाओं को ही भाया NOTA का विकल्प
यहां मतदाता वोटर लिस्ट में अपना नाम ढूंढते रहे। इस दौरान कई लोगों के नाम मतदाता सूची में न मिलने पर वे वोट न डाल सके और निराश होकर लौट गए। वहीं, चौड़ा में पहली बार वोट डालने आए विकाश शर्मा का नाम मतदाता सूची में नहीं मिला।
छिजारसी में एक महिला मतदाता रजनी के वोटर आईडी कार्ड पर उसके पति ललित शर्मा का फोटो और ललित शर्मा के वोटर आईडी पर किसी अन्य व्यक्ति का फोटो था। हालांकि, नाम के आधार पर पति-पत्नी ने वोट डाले।
कनावनी में रवींद्र, राजेश तो छिजारसी में राजरानी, सुखदा समेत कई लोग वोट डालने से महरूम रहे। सेक्टर 56 स्थित डीएवी स्कूल सहित अन्य कई केंद्रों पर भी कुछ लोगों को वोट डाले बिना ही लौटना पड़ा। हालांकि, इन सभी के पास वोटर आईडी कार्ड थे।