फरीदाबाद के लोकसभा चुनाव में कुछ अजब-गजब नजारे भी देखने को मिले। जिसका शायद ही किसी को अंदाजा होगा।
फरीदाबाद विधानसभा में पड़ने वाले दौलताबाद गांव के एक परिवार नत्थू बालियान के घर में 40 वोट सामने आए। ये लोग हर चुनाव में एक साथ मतदान केंद्र पर पहुंच कर अपना वोट डालते हैं।
जब पूरा परिवार एक साथ सेक्टर-16 स्थित डीडीपीओ कार्यालय में बनाए गए बूथ संख्या 95 व 96 पर मतदान करने पहुंचा, तो इस नजारे को देखकर वहां पर मौजूद लोग हैरान रह गए।
यह भी पढ़ें: दिल्ली एनसीआर में वोटों की बारिश, टूटे कई रिकॉर्ड
परिवार के मुखिया ने कहा कि मकान नंबर 84, 201, 202 व 258 के 40 वोट को एक साथ डालना है। इसका मिलान कर लो। इस पर वहां बैठे पोलिंग एजेंट सकते में आ गए।
परिवार के सदस्य विकास चौधरी ने बताया कि लंबे समय से उनका पूरा परिवार एक साथ मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए आता है। उन्होंने हंसते हुए बताया कि इतने ही मतदाता उनके घर में और तैयार हो रहे हैं।
बालियान परिवार पूरे गांव में जाना माना परिवार है। यहां पर लोकसभा व विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक प्रत्याशी को इस गांव में परिवार के इतने अधिक वोटों की जानकारी है।