दिल्ली के आजादपुर डिपो स्थित बस पास सेंटर पर पास न बनाए जाने का विरोध करना छात्रों पर उस वक्त भारी पड़ गया, जब बस पास सेंटर कर्मियों ने छात्रों के साथ बदसलूकी की और दो छात्रों को पास सेंटर में बंधक बनाकर मारपीट भी की।
इस घटना का जब पीड़ित छात्रों ने मोबाइल से वीडियो बनाया तो उनका मोबाइल फोन भी छीनने की कोशिश की गई। इससे घबराये छात्रों ने 100 नंबर पर कॉल करके पुलिस को बुलाया और साथ ही 1098 पर कॉल करके चिल्ड्रन हेल्पलाइन पर कॉल करके मदद मांगी।
इस बाबत मौके पर पहुंची पुलिस और चिल्ड्रन फाउंडेशन के अधिकारियों ने मामले को शांत कराया और बस पास सेंटर पर मौजूद कर्मचारियों ने छात्रों से माफी मांगी। 17 वर्षीय पीड़ित छात्र ने बताया कि वह रोहिणी सेक्टर-9 स्थित शहीद कैप्टन संजीव दहिया सर्वोदय विद्यालय में 12 कक्षा का छात्र है।
वह पिछले करीब एक सप्ताह से 12वीं और 11वीं कक्षा के दोस्तों के साथ वजीरपुर डीटीसी बस डिपो स्थित बस पास सेंटर पर बस पास बनवाने के लिए जा रहा था।