बिहार से दिल्ली आया था घूमने
जानकारी के मुताबिक लालू मूलत: बिहार सीतामढ़ी का रहने वाला था। परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन है। वह 15 दिन पहले मंगोलपुरी बी ब्लॉक निवासी ममेरे भाई मंजेश के घर घूमने के लिए आया था। मंजेश का मंगोलपुरी लाल बत्ती पर चाय की दुकान है। मंजेश ने बताया कि रविवार रात वह दुकान पर मौजूद था। वह पार्क के पास लघुशंका करने गया था। इसी दौरान उसकी कुछ लड़कों से कहासुनी हो गई। लड़कों ने उसे पीठ, सीने और हाथ पर करीब आधा दर्जन चाकू मार दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भागकर वहां पहुंचा, जहां लालू खून से लथपथ पड़ा था। उसे तुरंत पास के संजय गांधी अस्पताल लेकर गए। जहां एक घंटे तक इलाज चलने के बाद उसने दम तोड़ दिया।
शरीर पर थे आधा दर्जन घाव
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि रात करीब 9 बजे मंगोलपुरी थाना पुलिस को पार्क के पास एक नाबालिग को चाकू मारने की जानकारी मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए हैं। पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां नाबालिग का इलाज चल रहा था। नाबालिग के शरीर में चाकू के आधा दर्जन घाव थे।
सिगरेट मांगने पर हुआ था विवाद
पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए। पुलिस ने आस पास मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी जांच की। इसी बीच इलाज के दौरान लालू ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीसीटीवी फुटेज की जांच के जरिए पुलिस ने हमला करने वाले तीन नाबालिगों की पहचान कर ली। तीनों आरोपी को पुलिस ने इलाके से पकड़ लिया। इनके कब्जे से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। जिसे एक आरोपी ने अपने दोस्त से लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन लोगों ने मृतक से सिगरेट देने के लिए कहा था। उसके इनकार करने पर कहासुनी हो गई और हाथापाई के दौरान उन लोगों ने उसपर चाकू से हमला कर वहां से भाग गए।