अमन विहार में झगड़े से परेशान एक नाबालिग ने अपने पिता पर चाकू से वार कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया और मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग को पकड़ लिया। पीड़ित की पहचान जितेंद्र (40) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र अपने परिवार के साथ अमन विहार में रहता है। वह मुंडका स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र नशे का आदी है। अकसर नशा करने के बाद वह घर आकर पत्नी के साथ झगड़ा करता था।
सोमवार रात वह नशा कर घर आया और पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसे पीटने लगा। 17 वर्षीय बेटे ने बीचबचाव किया, तो जितेंद्र उसे भी पीटने लगा। गुस्से में आकर बेटा रसोई में गया और वहां से चाकू लेकर आया। बेटे ने जितेंद्र के सीने पर चाकू से दो वार कर दिए।
शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जितेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग को पकड़ लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।