-समयपुर बादली स्थित लिबासपुर में दिनदहाड़े तीन लड़कों ने दिया वारदात को अंजाम
-युवक अस्पताल में भर्ती, चाकू मारने की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बाहरी-उत्तरी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में दो दोस्तों के साथ मिलकर एक नाबालिग ने बहन के प्रेमी को दिनदहाड़े चाकू से गोद डाला। वारदात के बाद तीनों नाबालिग मौके से भाग निकले। राहगीरों ने गंभीर हालत में पीड़ित लविश (24) को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। उसके पेट, गर्दन, हाथ, सीने समेत शरीर के बाकी हिस्सों में 14 बार चाकू से गोदा गया है। अस्पताल में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। समयपुर बादली थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि लविश की एक युवती से दोस्ती थी। लड़की के भाइयों को यह बात पसंद नहीं थी। उन्होंने पहले लविश को अपनी बहन से दूर रहने के लिए कहा था। लेकिन इसके बाद भी लविश लड़की के लगातार संपर्क में था। वारदात की एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसमें आरोपी तीन लड़के उस पर चाकू से हमला करते हुए और बाद में भागते हुए दिख रहे हैं।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि लविश परिवार के साथ राणा पार्क, लिबासपुर में रहता है। इसके परिवार में पिता अनिल कुमार, मां, एक छोटा भाई व बहन हैं। पिता का पिज्जा शॉप है। लविश बदरपुर में एक बिल्डर के पास नौकरी करता है। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे वह किसी काम से अपनी दुकान पर आया था। इस बीच तीन नाबालिग लड़के उसकी दुकान में घुस गए। आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू मारते हुए आरोपी बीच सड़क पर पहुंच गए। कई चाकू मारकर आरोपी मौके से भाग गए। राहगीरों ने लविश को अस्पताल में भर्ती कराया।
लड़की के भाइयों ने दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि लविश की इलाके की एक लड़की से दोस्ती थी। युवती शालीमार बाग के लिओन ब्लड सेंटर में नौकरी करती है। उसके दो छोटे भाई हैं। दोनों भाइयों को जब लविश व बहन के रिश्ते का पता चला तो बड़े भाई ने कुछ माह पूर्व लविश को बहन से दूर रहने के लिए कहा था। लेकिन इसके बाद भी लविश का युवती से मिलना-जुलना जारी रहा। इस बात पर खफा होकर मंगलवार को नाबालिग भाई ने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। उपायुक्त ने बताया उनको शाम चार बजे युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिगों की तलाश की जा रही है।