पंजाब सरकार मंत्री सिकंदर सिंह मलूका के कार्यालय के उद्घाटन के दौरान सिख अरदास की नकल मामले ने तूल पकडना शुरू कर दिया है। दिल्ली अकाली दल ने अकाल तख्त के जत्थेदार से मलूका सिंह को तुरंत प्रभाव से सिख मर्यादा का मजाक उड़ाने पर सिख पंथ से निष्कासित करने की मांग की है।
इतना ही नहीं उन्होंने इस मामले में पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। अकाली दल के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना व महासचिव हरविंद्र सिंह सरना और हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगजीत सिंह ने आज संवाददाता सम्मेलन में सिख अरदास की नकल करने की कड़े शब्दों में निंदा की।
उन्होंने कहा यह शर्म की बात है कि यह निंदनीय काम पंजाब सरकार के मंत्री मलूका के कार्यालय के उद्घाटन के दौरान हुआ। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री बादल को ऐसे मंत्री को तुरंत हटाने के अलावा पार्टी से भी निकाल देना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ।