क्रासिंग रिपब्लिक के यंतरा टावर में चोरों ने दिनदहाड़े दो बंद फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आईटी कंपनी में तैनात दंपति के फ्लैट से चोर हीरे के हार सहित चार लाख की ज्वैलरी चुरा ले गए।
दोपहर बाद साढ़े तीन बजे दंपति के घर लौटने पर वारदात का पता चला। वहीं दूसरे फ्लैट में रहने वाले मदर डेरी में कार्यरत जूनियर अस्टिेंट पत्नी को लेकर अस्पताल गए थे। वापस लौटने पर चोरी का पता चला। दोनों घटनाओं की विजयनगर थाने में तहरीर दी गई है।
यंतरा टावर के फ्लैट संख्या-501 में मनीष पत्नी सुमित्रा सिन्हा के साथ रहते हैं। मनीष नोएडा स्थित आईटी कंपनी आईबीएम और पत्नी एचसीएल में इंजीनियर है। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे दोनों ड्यूटी गए थे।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर लौटने पर चोरी का पता चला। मनीष ने बताया कि चोर अलमारी से हीरों से बना गले का सेट, सोने के चार कंगन, सोने की चेन, सोने की लॉकेट और बच्चे के कंगन समेत लाखों रुपये की ज्वैलरी साथ ले गए।
फ्लैट संख्या 301 में रहने वाले अशोक कुमार चरण दिल्ली स्थित मदर डेरी में जूनियर अस्टिेंट पद पर कार्यरत है। कुछ दिन पूर्व ही पत्नी की डिलीवरी के बाद वह बृहस्पतिवार दोपहर पत्नी का रुटीन चेकअप कराने अस्पताल गए थे।
दोपहर बाद घर लौटने पर चोरी का पता चला। उन्होंने बताया कि चोर अलमारी में रखी 50 हजार की नगदी सहित करीब दो लाख रुपये कीमत की ज्वैलरी साथ ले गए। एसओ एपी सिंह ने बताया कि दोनों पीड़ितों ने तहरीर दी है। चोरों की तलाश की जा रही है।