बदरपुर-वाईएमसीए मेट्रो कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर बनने वाले नौ स्टेशनों का काम अगस्त 2014 तक पूरा कर लिया जाएगा।
यह लक्ष्य निर्धारित कर डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन) ने स्टेशनों के निर्माण का कार्य शुरू करवा दिया है। डीएमआरसी ने स्टेशनों को तैयार करने के लिए दो पार्ट में काम बांटने का फैसला लिया है। पहले पार्ट में स्टेशन का ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल तैयार होगा।
ग्राउंड फ्लोर पर टिकट विंडो सहित ग्राहकों से संबंधित सुविधाओं के कमरों का निर्माण किया जाएगा। प्रथम तल पर स्टेशन का कंट्रोल रूम होगा और अन्य प्रशासनिक लोगों के लिए सुविधाओं एवं चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण कमरे बनेंगे। दूसरे पार्ट में प्लेटफार्म व ट्रैक का काम रखा गया है।
एलएंडटी कंपनी के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर, डीके शर्मा ने बताया कि कॉरिडोर का काम लगभग पूरा हो गया है। स्टेशनों को पूरा करने की दिशा में काम शुरू किया गया है।
डीएमआरसी के प्रवक्ता ने बताया कि मेट्रो का ट्रायल सितंबर-2014 से शुरू किया जाना है। इसलिए अगस्त में स्टेशन का काम पूरा होना जरूरी है। इसी दिशा में काम चल रहा है।