दिल्ली मेट्रो की पहुंच जल्द ही द्वारका सेक्टर-25 स्थित इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर (आईआईसीसी) तक होगी। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन से आगे आईआईआईसी तक विस्तार किया जा रहा है। इस सेक्शन पर पिछले महीने से ट्रायल चल रहा है। ट्रायल की सफलता के बाद मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) इस सेक्शन पर सिग्नलिंग प्रणाली सहित सुरक्षा पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण करेंगे।
सीएमआरसी की हरी झंडी मिलने के बाद यात्रियों को सीधे आईआईसीसी तक के लिए मेट्रो की कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले हजारों यात्रियों सहित दिल्लीवासियों के लिए भी कन्वेंशन सेंटर तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा। महज आधे घंटे में आईआईसीसी से यात्री नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच सकेंगे।